रेवाड़ी। हलवाई से तलवार की नोक पर मारपीट और बाइक छीनने के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी झज्जर के गांव डीघल निवासी सौरभ और गौरव है। एएसपी दीपिका अग्रवाल ने सोमवार को प्रेसवार्ता में बताया कि मूल रूप से यूपी के जिला आगरा के मोतीपुरा निवासी रमाकान्त ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि वह गांव तुुर्कियावास में रहकर हलवाई का काम करता है। 23 सितंबर की रात को समय करीब पौने 10 बजे वह गांव डाडावास से काम करके अपनी बाइक से लौट रहा था। रात करीब 11 बजे जब वह गांव जाट जाटी से निकलकर गोकुलपुर के पास पहुंचा, तो पीछे से एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उसकी बाइक को हल्की टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद गाड़ी से चार बदमाश उतरे और उसके गले पर तलवार लगाकर डराया-धमकाया। बदमाश उसकी बाइक, मोबाइल फोन, और जेब में रखे 3 हजार रुपये नकद जबरन छीनकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने घर पहुंचकर तुरंत डायल 112 पर कॉल की, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सूचना के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची तथा क्राइम टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित की छीनी गई बाइक, वारदात में प्रयुक्त ब्रेज़ा गाड़ी और वारदात में इस्तेमाल की गई एक तलवार बरामद कर ली है। वारदात में शामिल अन्य साथियों के बारे में भी सुराग लगाए जा रहे हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।