फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेवाड़ी : नगर पार्षदों की समस्याएं सुन भाड़ावास गेट पहुंचे डीएमसी, सप्ताहभर में समाधान के निर्देश

रेवाड़ी। नगर परिषद कार्यालय में बुधवार को नवनियुक्त डीएमसी प्रदीप अहलावत ने सभी वार्डों के पार्षदों के साथ परिचय बैठक की। करीब एक माह पहले तबादला होने के बाद पहली बार आयोजित बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। समस्याएं सुनने के बाद डीएमसी खुद पार्षदों के साथ भाड़ावास गेट क्षेत्र में पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। बैठक में पार्षदों ने शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि कई वार्डों में नियमित रूप से सफाई नहीं हो रही है। इसके अलावा घर-घर से कचरा उठाने के लिए भेजी जाने वाली गाड़ियां भी कई वार्डों में नियमित रूप से नहीं पहुंच रही हैं। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्षदों ने शहर में घूम रहे बेसहारा गौवंश को पकड़ने और अन्य नागरिक समस्याओं का भी मुद्दा उठाया। पार्षदों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएमसी प्रदीप अहलावत ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद वह पार्षदों के साथ भाड़ावास गेट पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय लोगों और दुकानदारों से सीधे बातचीत कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। लोगों ने सफाई, नालियों और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी परेशानियां उनके सामने रखीं। डीएमसी ने अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें और एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान किया जाए। साथ ही पार्षदों से भी अपने-अपने वार्डों की समस्याओं की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाने को कहा गया। इस मौके पर चेयरपर्सन विनीता पीपल, पार्षद चेतराम सैनी, पार्षद प्रतिनिधी भूपेंद्र गुप्ता, पार्षद प्रतिनिधी मोनू राव, पार्षद सत्यनारायण यादव, निहाल यादव, निखिल, नीरज कुमार, चेयरपर्सन प्रतिनिधी नरेंद्र पीपल सहित 27 पार्षद मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें