नशे के खिलाफ रेवाड़ी पुलिस ने रविवार को धारूहेड़ा क्षेत्र में विशेष सर्च एवं चेकिंग अभियान चलाया। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा के नेतृत्व में सीआईए धारूहेड़ा, डॉग स्क्वॉड और थाना धारूहेड़ा पुलिस की संयुक्त टीमों ने टाउन पार्क के पास, नंदरामपुर बास रोड समेत कई संवेदनशील और सार्वजनिक स्थानों पर जांच की। थाना प्रभारी निरीक्षक फूल कुमार, सीआईए धारूहेड़ा प्रभारी निरीक्षक योगेश हुड्डा और पुलिस टीमों ने अलसुबह संदिग्ध मकानों, ठिकानों और सार्वजनिक स्थानों की तलाशी ली। इस दौरान प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स की मदद से नशीले पदार्थों को तलाशा गया। पुलिस की अचानक कार्रवाई से संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों में हड़कंप मचा रहा। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की कि नशे की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर डायल-112 या हेल्पलाइन 1933 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी