शहर में 50 प्रतिशत तक डिसकाउंट के लालच में आकर सैकड़ों लोग करोड़ों रुपये की ठगी का शिकार हो गए। जब लोग अपना बुक कराया सामान लेने पहुंचे, तो शोरुम बंद देखकर उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। इसके बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया, मौके पर रामपुरा थाना पुलिस भी पहुंची लोगों को शांत कराया। दरअसल, शहर में बूढ़पुर रोड स्थित यादव नगर में एक फर्नीचर व अन्य घरेलू सामान का शोरुम खोला गया था। लोगों का कहना कि 6 दिन पहले पैसे जमा कराने पर 25 प्रतिशत व 12 दिन पहले पूरे पैसे जमा कराने पर 50 प्रतिशत डिस्काउंट देने की बात कही गई। बताया जा रहा है कि धंधा जमाने के लिए दो बार लोगों को सस्ते में सामान भी दिया। सामान बुक करते वक्त बाकायदा रसीद भी दी गई। जिन लोगों को बुक कराया गया सामान मंगलवार को मिलना था, वह लेने के लिए शोरुम पर पहुंचे, तो हंगामा मच गया, क्योंकि दुकान शोरुम बंद पड़ा हुआ मिला। बताया गया कि 12 तारीख तक लोगों का सामान बुक किया हुआ है। लोगों का यहां तक कहना है कि हजारों लोगों ने सस्ते के लालच में करोड़ों रुपये जमा कराए हुए हैं। वहीं, लोगों का आरोप है कि दुकानदार सभी का करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गए। शोरुम पर जो नंबर लिखे हुए हैं, अब वह भी स्विच ऑफ आ रहे हैं। जो लोग ठगी का शिकार हुए हैं, उन्होंने इन ठग दुकानदारों के फोटो भी दिखाए हैं।