कांग्रेस के पूर्व विधायक चिरंजीव राव ने सोमवार को नई अनाज मंडी का दौरा किया और वहां मौजूद किसानों से बातचीत की। उन्होंने किसानों से उनकी समस्याएं जानी और मंडी में बाजरा उठान में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की। चिरंजीव राव ने कहा कि मंडी में प्रशासनिक लापरवाही के कारण किसानों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बाजरा मंडी में लंबे समय से पड़ा हुआ है, जिससे फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है। पूर्व विधायक ने कहा कि किसानों ने पूरे परिश्रम से अपनी फसल तैयार की है, लेकिन समय पर उठान न होने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने मंडी में सफाई, तोल प्रणाली और परिवहन व्यवस्था को भी अव्यवस्थित बताया। चिरंजीव राव ने सरकार से मांग की कि किसानों की समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए और बाजरे के उठान की प्रक्रिया को तेज गति से शुरू कराया जाए, ताकि किसान समय पर अपनी फसल बेच सकें और अगली बुवाई की तैयारी कर सकें।