रेवाड़ी। कांग्रेस के 'वोट बचाओ, देश बचाओ' चौपाल अभियान के तहत बुधवार को कोसली हलके के गांव जाटूसाना में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप लगाए। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में जनसंख्या के अनुपात में 35 लाख वोट काटे जाने का आरोप गंभीर है। उन्होंने मांग की कि कथित वोट चोरी से बनी सरकार को बर्खास्त कर नए चुनाव कराए जाएं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव में बुजुर्गों को छह हजार रुपये पेंशन, महिलाओं को 2100 रुपये मासिक सहायता और 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा किया था, लेकिन इन वादों को पूरा नहीं किया गया। एचकेआरएन कर्मचारियों को पक्का करने और अग्निपथ योजना को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के दुरुपयोग से भाजपा सत्ता में आई। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि मतदाता सूचियों में अनियमितताओं से लोकतंत्र और मताधिकार पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की मांग की। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री जगदीश यादव, पूर्व विधायक चिरंजीव राव, एमएल रंगा, जसवंत सिंह सहित अनेक कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।