रेवाड़ी। त्योहारों के सीजन को देखते हुए रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक रेलवे हरियाणा परबीना पीके के दिशा-निर्देशों और डीएसपी जीआरपी राजेश चेची के मार्गदर्शन में रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने एक व्यक्ति को 18 बोतल विदेशी शराब के साथ पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए व्यक्ति की पहचान गुजरात के अहमदाबाद स्थित चांदखेड़ा निवासी बाबू सिंह यादव के रूप में हुई है। चेकिंग के दौरान उसके एक पिट्ठू बैग से रेड लेबल की 9 बोतलें, जिन पर मेड इन हरियाणा लिखा था, जबकि ट्रॉली बैग से ड्यूअर्स की 9 बोतलें बरामद की गईं। ड्यूअर्स की बोतलों पर मेड इन स्कॉटलैंड लिखा हुआ था। इस तरह कुल 18 बोतल शराब बरामद हुई। गुरुग्राम से खरीदकर जयपुर ले जाने की बात कही पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में व्यक्ति ने बताया कि वह शराब गुरुग्राम से खरीदकर जयपुर ले जाने के लिए लाया था। पुलिस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने की चेकिंग रेवाड़ी जीआरपी थाना प्रभारी नवीन कुमार की ओर से गठित टीम ने आरपीएफ क्राइम टीम के साथ संयुक्त रूप से चेकिंग की। टीम में एसआई सतपाल, महिला एलएसआई राजबाला, एसआई कृष्ण कुमार, सिपाही धर्मेंद्र, सिपाही मनीष, सिपाही साकेत और एचसी रेखा शामिल रहे। आरपीएफ क्राइम टीम की ओर से एसआई अशोक कुमार ने भी अभियान में भाग लिया। पुलिस अधीक्षक रेलवे हरियाणा ने त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर आने-जाने वाले यात्रियों और उनके सामान की अच्छी तरह जांच करने के निर्देश दिए हैं, ताकि नशीले पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके तथा किसी अप्रिय घटना को टाला जा सके। पिछले सप्ताह भी डोडा पोस्त के साथ पकड़ा था आरोपी जीआरपी थाना प्रभारी नवीन कुमार के अनुसार, पिछले सप्ताह भी चेकिंग अभियान के दौरान एक व्यक्ति को डोडा पोस्त के साथ पकड़ा गया था। उस मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी।