पानीपत। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव के चौधर का फैसला हो गया। इस बार वीरेंद्र मलिक के सिर पर जीत का सहरा सजा। वीरेंद्र मलिक को 826 वोट मिले और उन्होंने जितेंद्र कुंडू 581 को 245 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। वहीं महिला उप प्रधान पद नीलम कंधोल ने 312 वोटों से शानदार जीत दर्ज की। उप प्रधान पुरुष के पद सुमित आर्य ने भी कांटे के मुकाबले में मुकेश शर्मा को 136 वोटों से हराया। सचिव के पद पर प्रतिक दुहन और सह-सचिव के पद पर अर्पिता विजय रहीं। कोषाध्यक्ष के पद पर रमन चैंची ने संदीप खर्ब को मात दी। उधर, वीरेंद्र मलिक की जीत के बाद समर्थकों ने जीत का जश्न बनाया। शुक्रवार को जिला बार एसोसिएशन के छह पदों के लिए चुनाव हुआ। चुनाव में कुल 2547 मतदाता थे। मतदान के लिए पांच बूथ बनाए गए थे। सुबह आठ बजे से ही अधिवक्ताओं ने पूरे जोश के साथ मतदान किया। शाम को पांच बजे तक चले मतदान में कुल 2274 मतदाताओं ने अपने मदाधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना की शुरूआत हुई। अध्यक्ष पद के लिए चार प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। जिनमें कांटे की टक्कर का अनुमान लगाया जा रहा था। मतगणना में वीरेंद्र मलिक ने पहले राउंड से ही बढ़त बनानी शुरू कर दी। उन्हें कुल 826 वोट मिले, जितेंद्र कुंडू को 581, रजनीश त्रेहन को 532 और सुनील शर्मा को 330 वोट मिले। वहीं पांच अधिवक्ताओं ने नोटा का बटन दबाया। वीरेंद्र मलिक ने 245 वोटों से जितेंद्र कुंडू को हराकर जीत दर्ज की। महिला उप प्रधान में नीलम कंधोल को 1071, मोनिका कक्कड़ को 759 और मंजू दहिया भौक्कर को 421 वोट मिले। नीलम ने एकतरफा मुकाबले में 312 वोटों से जीत दर्ज की। उप प्रधान पुरुष में आर्य सुमित कादियान को 1113 मुकेश शर्मा को 977 और पवन सभरवाल को 172 वोट मिले। कोषाध्यक्ष पद पर रमन चैंची 1289 वोट मिले और उन्होंने संदीप खर्च 957 को हराया। सह-सचिव पद पर तीन प्रत्याशी चुनावी मैदान में थी। अर्पिता सिंगला ने 1093, प्रियंका तंवर को 711 और काजोल को 422 वोट मिले। अर्पिता ने 380 वोटों से जीत दर्ज की। सचिव पद पर प्रतिक दुहन ने 1048, अंकुश धमिजा को 1015 और रविश कांगडा को 207 वोट मिले।