पलवल शहर में राजपूत और कोली समाज ने सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने के लिए अहम फैसले लिए हैं। रविवार को आयोजित महापंचायतों में मिंडकोला गांव में 52 पालों की महापंचायत के फैसलों का समर्थन किया गया। शादी-विवाह में फिजूलखर्ची रोकने, दहेज प्रथा पर लगाम लगाने और रस्मों में नकदी व उपहारों की सीमा तय करने पर सहमति बनी। बारातियों की संख्या 51 तक सीमित रखने, डीजे और नशे पर रोक लगाने के साथ मृत्यु भोज बंद करने का निर्णय लिया गया। कोली समाज ने फैसलों की पालना के लिए 31 सदस्यीय कमेटी गठित की।