पलवल शहर में त्योहारों के सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई, दूध और पनीर की दुकानों पर जांच अभियान तेज कर दिया है। दुकानदारों को मिठाई की कीमत, बनाने की तारीख और उसे तैयार करने में इस्तेमाल किए गए घी या तेल की जानकारी प्रदर्शित करनी होगी। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ईश्वर कुमार के अनुसार, सितंबर से अब तक 22 खाद्य नमूने लिए गए हैं। इनमें से तीन की रिपोर्ट आई है, जिनमें पनीर और दूध के दो नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। विभाग की टीमें दुकानों पर जाकर सैंपल ले रही हैं और नियमानुसार जांच कर रही हैं। अभियान दिवाली और छठ पूजा तक जारी रहेगा।