नारनौल के छोटा-बड़ा तालाब के पास स्थित ईश्वर कॉलोनी में चहल फार्म के पास वक्फ बोर्ड की जमीन पर बने एक मकान पर कार्रवाई अमल में लाते हुए सोमवार को न्यायालय के आदेश पर खाली करवाया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जानकारी के अनुसार संबंधित मकान अमृतपाल सिंह के कब्जे में था। हरियाणा वक्फ बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार मकान का करीब चार वर्षों से किराया जमा नहीं कराया जा रहा था। बोर्ड की ओर से किराया जमा कराने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद मामला न्यायालय में पहुंचा, जहां सुनवाई के उपरांत अदालत ने मकान खाली कराने के आदेश जारी किए। सोमवार को न्यायालय के आदेशों की पालना में हरियाणा वक्फ बोर्ड के अधिकारियों ने प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की। मौके पर न्यायालय की ओर से नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट महावीर सिंह भी मौजूद रहे। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। मकान खाली कराने के बाद वक्फ बोर्ड ने संपत्ति को अपने कब्जे में ले लिया। हरियाणा वक्फ बोर्ड के संपदा अधिकारी तसव्वुर आजाद ने बताया कि मकान खाली कराने की कार्रवाई पूरी तरह न्यायालय के आदेशों के तहत की गई है। नारनौल के रेंट कलेक्टर जमील अहमद ने भी मौके पर मौजूद रहकर कार्रवाई की निगरानी की। बोर्ड अधिकारियों ने कहा कि वक्फ बोर्ड की संपत्तियों पर अवैध कब्जे और किराया बकाया रखने के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने किरायेदारों से समय पर किराया जमा कराने तथा बोर्ड के नियमों का पालन करने की अपील की।