महेंद्रगढ़ क्षेत्र में सोमवार सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक रुक-रुककर हल्की बारिश का दौर जारी रहा। दो बजे के बाद बादल छंटने के बाद हल्की धूप खिली लेकिन आधे घंटे बाद फिर हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। यह बारिश सरसों की बिजाई के लिए अनुकूल बताई जा रही है। बारिश से रबी की फसलों की बिजाई के लिए खेतों की नमी बढ़ने से कम सिंचाई की आवश्यकता होने से किसानों ने भी राहत की सांस ली है। तापमान में भी करीब पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। इस बूंदाबांदी से अगेती बिजाई की गई सब्जियों की खेती में भी लाभ होगा। वहीं, मौसम विशेषज्ञों की ओर से बुधवार तक मौसम में बदलाव व हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई जा रही है।