नवनियुक्त कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने वीरवार शाम 5 बजे शहर की मंडी का दौरा किया। साथ ही किसान, मजदूरों और आढ़तियों से बात करके उनकी समस्याओं के बारे में पता किया। उन्होंने कहा है कि बीजेपी सरकार में एक बार फिर किसान एमएसपी के लिए तरस रहे हैं और उनसे भारी लूट की जा रही है। सरकारी खरीद न होने के कारण मंडियों में किसानों का बाजरा, कपास की खरीद कम भाव में हो रही है। किसानों को एमएसपी से कम रेट में अपनी फसल बेचनी पड़ रही है। किसान का बाजरा 800-1000 रुपये कम रेट में बिक रहा है और कपास करीब 1000 से 1500 कम रेट पर बेचने को मजबूर हैं। पहले ही बारिश के कारण फसल में नुकसान देखने को मिला है, ऊपर से खरीद का इंतजार हो रहा है। जिससे किसानों को कई दिन-रात इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने किसानों के मुद्दों को लेकर बीजेपी सरकार की आलोचना की व कहा कि आज प्रदेश की मंडियों में बाजरा, कपास और धान की आवक तेज है, लेकिन खरीद न होने से किसान भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सत्यवीर झुकिया, विधायक मंजू चौधरी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष पुनीत बुलान सहित अन्य कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।