रेलवे रोड स्थित श्रीमद्भगवद्गीता विद्यालय में विद्या भारती के 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह के तहत फुटबॉल और शतरंज के मुकाबले जारी हैं। प्रतियोगिता में हरियाणा समेत देश के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों से पहुंची टीमें हिस्सा ले रही हैं। सुबह से ही विद्यालय परिसर में फुटबॉल और शतरंज के मुकाबले चल रहे हैं, जिससे खेल परिसर में खिलाड़ियों और टीमों की चहल-पहल बनी हुई है। अंडर-14 बालक वर्ग के फुटबॉल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने मैदान पर दमखम दिखाया। एक मुकाबले में दक्षिण क्षेत्र की टीम ने मध्य क्षेत्र को 19 गोल से हराया, जबकि दक्षिण-मध्य क्षेत्र और पूर्वी यूपी के बीच मुकाबला एक-एक गोल से बराबरी पर रहा। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। फुटबॉल मुकाबलों के साथ शतरंज के खिलाड़ी भी बोर्ड पर रणनीति और चालों के जरिए एक-दूसरे को चुनौती दे रहे हैं। प्रतियोगिता के आयोजन से विद्यालय परिसर में खेलमय माहौल बना हुआ है।