बकरा ईद के मौके पर सुबह मुस्लिम समाज के लोगों ने मस्जिदों और ईदगाहों में जुटकर नमाज अदा की। इस दौरान लोगों ने खुदा की बारगाह में सिर झुकाकर अमन, चैन और भाईचारे की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी पारंपरिक परिधान में नजर आए। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। हर संवेदनशील स्थान पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। ईद के मौके पर बाजारों में भी रौनक देखने को मिली। मीठे और नमकीन पकवानों की खुशबू हर गली-मोहल्ले में फैली रही। मुस्लिम समाज के लोगों के साथ-साथ अन्य समुदायों के लोगों ने भी एक-दूसरे को ईद की शुभकामनाएं दीं, जिससे गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली।