इंद्री। इंद्री बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में अध्यक्ष पद पर कुलदीप कलसौरा ने जीत दर्ज की है। शुक्रवार को हुए मतदान में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नरेश चौहान को 7 वोटों से पराजित किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुलदीप कलसौरा ने कहा कि अधिवक्ताओं ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास किया जाएगा और बार के हितों के लिए सभी को साथ लेकर कार्य किया जाएगा। रिटर्निंग अधिकारी सतबीर कांबोज ने बताया कि कुल 205 मतदाताओं में से 200 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे 97.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिसे बार एसोसिएशन के इतिहास में उच्च मतदान माना जा रहा है। अध्यक्ष पद पर कुलदीप कलसौरा को 102 वोट मिले, जबकि नरेश चौहान को 95 वोट प्राप्त हुए और 3 वोट अवैध घोषित किए गए। चुनाव प्रक्रिया के दौरान अधिवक्ता राजेश मोर और अनिल शर्मा सहायक रिटर्निंग अधिकारी के रूप में मौजूद रहे। मतगणना के बाद परिणामों की आधिकारिक घोषणा की गई। वहीं, अध्यक्ष पद को छोड़कर अन्य सभी पदों पर सर्वसम्मति से चयन हुआ। उपाध्यक्ष पद पर पंकज भाटी, महासचिव श्रीराम पांचाल, संयुक्त सचिव रीना व गौरव और कोषाध्यक्ष पद पर प्रवीण राठी निर्विरोध निर्वाचित हुए।