करनाल। हरियाणा खेल महाकुंभ के लिए जिला स्तरीय खेल ट्रायल के लिए तलवारबाजी और जिमनास्टिक खेल के ट्रायल का आयोजन कर्ण स्टेडियम में किया गया। ट्रायल देने के लिए दोनों खेलों में करीब 90 खिलाड़ियों ने अपने दम दिखाया। विभाग के वरिष्ठ प्रशिक्षकों की देखरेख में पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से ट्रायल्स संपन्न कराए जा रहे है। प्रत्येक खेल श्रेणी में खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर जिला टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। वहीं तलवारबाजी खेल के ट्रायल पहले आठ अक्टूबर को होने थे। जो किसी कारण से तारीख बदलकर 13 अक्टूबर को करवाए गए। जिला खेल अधिकारी सत्यवीर सिंह ने बताया कि बैडमिंटन, नेटबाॅल, कराते, थ्रो बॉल और बेसबॉल खेल के ट्रायल का आयोजन 15 अक्टूबर को कर्ण स्टेडियम में किया जाएगा। पहले इन खेलों के ट्रायल अलग-अलग तारीख को होने थे। उन्होंने आयोजन की सफलता और खिलाड़ियों की भागीदारी पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा खेल महाकुंभ प्रदेश के युवाओं के लिए अपनी खेल क्षमता का राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लोहा मनवाने का पहला और बेहद मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि हमारा प्राथमिक उद्देश्य हर एक योग्य और प्रतिभाशाली खिलाड़ी को बिना किसी भेदभाव के आगे बढ़ाना है। ट्रायल के दौरान सभी खेल परिसरों में पीने के पानी, प्राथमिक चिकित्सा और सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। पारदर्शी तरीके से चुनी गई जिला टीम आगामी राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में जिले का नाम रोशन करेंगी।