करनाल। सेक्टर-12 स्थित हुड्डा ग्राउंड में लाला मनीराम एवं प्रेमवती परिवार की ओर से 22 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाली श्रीमद्भागवत कथा के उपलक्ष्य में रविवार सुबह भूमि पूजन एवं हवन का आयोजन किया गया। धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुए हवन में व्यापार कल्याण बोर्ड के वाइस चेयरमैन सतीश गुप्ता सहित अन्य श्रद्धालुओं ने आहुतियां डालकर विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कथा में श्रीधाम वृंदावन से आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करवाएंगे। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। सतीश गुप्ता ने बताया कि कथा प्रतिदिन शाम 3:30 बजे से 6 बजे तक आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को सुबह श्री सनातन धर्म मंदिर, कुंजपुरा रोड से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई कथा स्थल सेक्टर-12 हुड्डा ग्राउंड पहुंचेगी। इसके बाद विधिवत रूप से कथा का शुभारंभ होगा।