करनाल। गांव कुंडीपीर में बृहस्पतिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दर्दनाक हादसा हो गया। बिजली का तार टूटकर बाइक सवार 15 वर्षीय साहिल के ऊपर गिर गया। तार की चपेट में आने से उसे जोरदार करंट लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार साहिल अपने साथी प्रिंस के साथ बाइक पर घर से मोतीपुर की तरफ पालक लेने जा रहा था। दोनों अभी रास्ते में ही थे कि अचानक बिजली का तार टूटकर साहिल के ऊपर गिर गया। करंट लगने से साहिल बेसुध होकर गिर पड़ा, जबकि उसके साथ मौजूद प्रिंस को कोई चोट नहीं आई। हादसे के बाद साहिल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 15 वर्षीय युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। हादसे के बाद बिजली के तारों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।