सात मार्च को सफीदों की भाट कालोनी फैक्टरी में आग में झुलसने से गीता कालोनी निवासी कमलेश की मंगलवार को मौत हो गई थी। पीड़ित परिवार को न्याय दिलवाने के लिए पीड़ितों की कमेटी बनाई गई। हालांकि सुबह शव का संस्कार करने से परिजनों ने मना कर दिया था, लेकिन दोपहर बाद परिजनों ने कमेटी के माध्यम से सरकार को मांग पत्र भेजकर शव का संस्कार किया। सामाजिक संगठन व सामाजिक कार्यकर्ता बुधवार को गीता कालोनी में कमलेश के घर पर पहुंचे और वहां पर एक कमेटी का गठन किया गया। इसमें पीड़ित परिवार व अन्य समाज के 20 लोगों को शामिल किया गया। कमेटी ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भेजकर मृतकों के परिजनों को एक करोड़ व घायलों को 50 लाख रुपये मुआवजा दिलवाने की मांग की है। इसके अलावा आरोपियों पर हत्या की धाराएं जोड़ने की मांग की। इसके अलावा पीड़ितों के अस्पताल में इलाज पर जो रुपये खर्च हुए हैं। वह वापस दिलवाए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार ने पीड़ित परिवारों को आश्वासन दिया था कि उनका इलाज पर कोई खर्च नहीं होगा।