कस्बे के बीडीपीओ कार्यालय में मनरेगा के मजदूरों ने काम की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। मजदूरों ने कहा कि उन्हें मनरेगा के तहत 100 दिन का रोजगार नही मिल रहा है। जिसके चलते उन्हें काफी परेशानियों से होकर गुजरना पड़ रहा है। धरने की अध्यक्षता आनन्द ने की तथा संचालन सुरेश कुमार ने किया। धरने को संबोधित करते हुए मनरेगा मेट एवं मजदूर यूनियन हरियाणा के सदस्यों ने कहा कि मजदूर काम मांग रहे है लेकिन सरकार और खंड अधिकारी काम नहीं दे रहे। मजदूरों को काम की मांग करते एक महीना हो चुका है। कानून के मुताबिक 15 दिन के अंदर अंदर काम मिल जाना चाहिए था लेकिन आजतक ना काम मिला और ना ही बेरोजगारी भत्ता दिया गया। मजदूरों को काम बंद होने का हवाला दिया जा रहा है। कुछ गांवों में काम चल रहा है लेकिन पौली गांव में बार बार गुहार लगाने बाद भी मजदूरों को काम नही मिल रहा है। मजदूरों ने चेतावनी दी कि सभी गाँवों में काम दिया जाए अन्यथा ये धरना जारी रहेगा तथा अगले मंगवार को बीडीपीओ दफ्तर का घेराव किया जाएगा इस मौके पर सुरेश कुमार, आनंद, राजपाल, कप्तान, रेखा आदि मौजूद रहे।