जेजेपी द्वारा जुलाना में आयोजित रैली पार्टी के लिए संजीवनी साबित हुई। शुरूआती समय में खाली दिख रही कुर्सियाँ दुष्यंत चौटाला और अजय चौटाला के मंच पर पहुंचने से पहले ही पूरी तरह भर गईं। भीड़ के उमड़े इस उत्साह ने पार्टी नेताओं के हौसले को नया जोश दे दिया। पार्टी के स्थापना दिवस पर आयोजित इस रैली में प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सुबह रैली स्थल पर भीड़ धीरे-धीरे जुट रही थी, लेकिन जैसे ही दोनों बड़े नेता कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए, मैदान में लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। कुछ ही मिनटों में पूरा पंडाल भर गया और देर से पहुंचे कई कार्यकर्ताओं को खड़े होकर ही भाषण सुनने पड़े।