जींद। अतिथि अध्यापकों को नियमित करने और कुरुक्षेत्र में आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए शिक्षक नेताओं व शिक्षकों को रिहा करने की मांग को लेकर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की जिला कमेटी ने सोमवार को डीसी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नायब तहसीलदार बलराम को ज्ञापन सौंपकर सरकार से अतिथि अध्यापकों की मांगों का न्यायसंगत समाधान करने की अपील की। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान संजीव ढांडा ने की, जबकि संचालन जिला सचिव सनी डागर ने किया। जिला प्रधान संजीव ढांडा ने कहा कि कुरुक्षेत्र में अतिथि अध्यापक 23 जून से नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान वे पांच बड़े प्रदर्शन और एक न्याय यात्रा कर चुके हैं। इसके बावजूद सरकार उनकी मांगों का समाधान करने के बजाय आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने अध्यापक नेताओं की गिरफ्तारी, हजारों शिक्षकों को हिरासत में लेने और प्रदर्शन में शामिल होने आ रही बसों को रास्ते में रोकने की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। जिला सचिव सनी डागर ने कहा कि वर्ष 2005-06 से सरकारी विद्यालयों में अतिथि अध्यापकों की नियुक्तियां विज्ञापन, निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, विभागीय चयन समितियों और मेरिट के आधार पर हुई थीं। ये शिक्षक करीब 21 वर्षों से शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में उनकी नियमितीकरण की मांग को नजरअंदाज करना उचित नहीं है। उन्होंने शिक्षा विभाग की ओर से 24 अक्तूबर को जारी स्पीकिंग ऑर्डर पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि विभाग ने अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण के दावों को खारिज करने के लिए उनकी नियुक्तियों को जॉब वर्क बताने, केंद्रीकृत परीक्षा नहीं होने और हरियाणा अतिथि अध्यापक सेवा अधिनियम-2019 का हवाला दिया है। संघ का मानना है कि इन तर्कों से शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया और लंबे समय से ली जा रही सेवाओं की अनदेखी होती है। रिटायर कर्मचारी संघ के जिला सचिव राजकुमार ने कहा कि समान परिस्थितियों में कार्यरत कर्मचारियों के साथ अलग व्यवहार नहीं होना चाहिए। उन्होंने 29 नवंबर को कुरुक्षेत्र में प्रस्तावित राज्य स्तरीय प्रदर्शन और 12 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली की तैयारियां तेज करने का आह्वान किया। प्रदर्शन में ब्लॉक प्रधान मनदीप नेहरा, विजेंद्र शर्मा, राजेश, संदीप गिल, संजय, पवन, जगदीप, अजय, बिजेंद्र, रामफल दलाल, राजेंद्र, राजकुमार, महेंद्र, कर्मवीर, राजकरण और सुनील मौजूद रहे।