जींद नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने अपने स्वर्गीय पिता दौलतराम और माता शाणी देवी की स्मृति में शनिवार को सेवा सदन में तीसरा रक्तदान शिविर लगाया। शिविर में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समुदाय के लोगों ने रक्तदान कर सामाजिक एकता की मिसाल कायम की। शिविर में 121 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। शिविर में पहुंचे भाजपा युवा नेता रुद्राक्ष मिड्ढा ने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि मानव रक्त की पूर्ति रक्तदान के अलावा किसी अन्य माध्यम से नहीं की जा सकती। हमारे द्वारा दान किया गया रक्त न जाने किस जरूरतमंद की जान बचा दे। इसलिए प्रत्येक युवा को जीवन में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए। डॉ. राजेश भोला और उनके परिवार के सदस्यों ने भी रक्तदान किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्त संग्रहण की प्रक्रिया पूरी की। भाजपा नेता एवं चेयरमैन योगेश बैरागी ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। रक्तदाता अपना रक्त देकर किसी दूसरे व्यक्ति का जीवन बचाने में योगदान देता है। इससे समाज में सेवा, सहयोग और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। शिविर में रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कन्या भ्रूण हत्या रोकने, पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई। आयोजक डॉ. राजेश भोला ने कहा कि रक्तदान एक पुण्य का कार्य है। प्रत्येक व्यक्ति, विशेषकर युवाओं को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। रक्तदान करने से शरीर पर कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि जरूरतमंद की मदद करने का संतोष और गौरव महसूस होता है। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि कुलदीप रंधावा, मार्केट कमेटी चेयरमैन बबलू गोयल, पीएमओ डॉ. रघुवीर पूनिया, डॉ. मनजीत, डॉ. राजकुमार गोयल, लीला ठेकेदार, राजकुमार भोला, राकेश ग्रोवर, सीमा भोला, ऊषा, रितेन, अर्षति, राकेश जुनेजा, सन्नी अनेजा, रमेश ढिल्लो, सदानंद महाराज और मुकेश राठोड़ मौजूद रहे।