सफीदों। बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कृष्ण जमालपुर ने नौ अक्तूबर को जींद के दीप पैलेस में आयोजित होने वाले संकल्प दिवस समारोह को लेकर सफीदों क्षेत्र के गांवों का दौरा किया। रविवार को उन्होंने मुआना, सिंघाना, रामपुरा समेत कई गांवों में कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर समारोह में पहुंचने का आह्वान किया। यह कार्यक्रम बसपा संस्थापक बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर जोन नंबर एक, दो और तीन के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। डॉ. कृष्ण जमालपुर ने बताया कि समारोह में बसपा के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर एवं राज्यसभा सांसद रामजी गौतम मुख्य अतिथि होंगे, जबकि प्रदेश प्रभारी सीपी सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वह स्वयं करेंगे। डॉ. जमालपुर ने कहा कि कांशीराम के अधूरे कारवां को आगे बढ़ाने के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए अभी से संगठन को मजबूत करने और पार्टी के पक्ष में जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाओं से लोग भय के माहौल में जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि बसपा ही भाजपा को सत्ता से बाहर कर सकती है। उन्होंने पार्टी सुप्रीमो मायावती के नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने की बात कही। इस दौरान प्रदेश सचिव एसडीओ सूरत सिंह, जिला अध्यक्ष राकेश सिवानामाल, डॉ. प्रवीण मंडल, रणधीर सिंह घोघड़ियां, सुरेंद्र मांडी, ईश्वर उचाना सहित विधानसभा उचाना क्षेत्र के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।