बहादुरगढ़ क्षेत्र में जसौर खेड़ी से कुलासी तक हाल ही में बनी सड़क के मात्र दो माह में जर्जर होने की शिकायतों पर प्रशासन ने संज्ञान लिया है। बहादुरगढ़ के एसडीएम आईएएस अभिनव सिवाच ने मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण में प्रयोग की गई सामग्री के सैंपल भरवाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सैंपल को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाए, ताकि निर्माण की गुणवत्ता की पुष्टि हो सके। एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता या घटिया सामग्री का इस्तेमाल पाया गया तो संबंधित ठेकेदार व जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।