झज्जर। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को झज्जर के दिल्ली रोड स्थित क्रिकेट स्टेडियम में 5100 विद्यार्थियों ने भव्य मानव श्रृंखला बनाकर विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने का संदेश दिया। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सामाजिक एकजुटता, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प प्रदर्शित किया। इस दौरान पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, डीसी वर्षा खांगवाल, जिला परिषद चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना, भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मीकि, संजय कबलाना, आनंद सागर व मनीष बंसल मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अनुशासित ढंग से मानव श्रृंखला बनाकर सामूहिक एकजुटता और राष्ट्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनमें सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन और सामूहिक प्रयासों की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में मानव रंगोली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के अनुकूल संसाधनों के उपयोग और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। रंगोली में विकसित भारत @ 2047 की परिकल्पना को रचनात्मक तरीके से प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी रतींद्र सिंह, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राजबाला मलिक और जिला परियोजना समन्वयक अनिल शर्मा ने ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र के विकास में योगदान देने की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।