बिजली निगम कार्यालय बेरी में ऑल हरियाणा पावर कॉपोरेशन वर्कर यूनियन के कर्मचारियों ने बेरी बिजली निगम के एक्सईएन के खिलाफ कर्मचारियों का गलत तरीके से तबादला करने और वादा खिलाफी करने के विरोध में धरना-प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। धरने की अध्यक्षता बेरी यूनिट के प्रधान कुलदीप लाकड़ा ने की और मंच संचालन यूनिट सचिव चंद्रकांत ने किया। धरने को संबोधित करते हुए यूनिट प्रधान कुलदीप लाकड़ा ने कहा की बिजली निगम के एक्सईन के अड़ियल रवैये से कर्मचारियों में भारी रोष बना हुआ है । धरने के दौरान एक्सईन बेरी ने यूनिट बॉडी को सुबह 10 बजे बैठक के लिए बुलाया, लेकिन बैठक में कोई समाधान नही निकला। यूनिट के सचिव चंद्रकांत ने बताया कि एक्सईन बेरी की पक्षपातपूर्ण और गैर-जिम्मेदार कार्यप्रणाली के कारण पहले भी लाइन पर गंभीर हादसे हो चुके हैं और अब जिन कर्मचारियों को मनमाने ढंग से तबादला कर हटाया गया है, उनकी जगह अनुभवहीन या अयोग्य कर्मचारियों को दबाव में नियुक्त किया जा रहा है। जिससे हादसों की संभावना कई गुना बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि इस गैर-जिम्मेदाराना कार्यप्रणाली और वादा-खिलाफी के चलते कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। संगठन ने साफ किया है कि अगर समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो यह संघर्ष और तेज़ किया जाएगा। धरना- प्रदर्शन में सर्कल सचिव भूपेन्द्र यादव एवंराज्य उपाध्यक्ष बंसीलाल सहित अनेकों कर्मचारी मौजूद रहे।