बेरी। काठमंडी में स्थित अग्रवाल धर्मशाला में रविवार को महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन, गणेश-लक्ष्मी की आरती-वंदना के साथ हुआ। इसके बाद शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में महाराजा अग्रसेन के 18 पुत्रों की झांकियां पहली बार घोड़ों पर निकाली गई, जो आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। बैंड-बाजों और मधुर भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। शोभा यात्रा अग्रवाल धर्मशाला से शुरू होकर बालाजी मंदिर, बस स्टैंड, शिव चौक, मेन बाजार, देवी मंदिर वाली गली से होते हुए वापस अग्रवाल धर्मशाला में पहुंची। कार्यक्रम में गौसेवा आयोग के सदस्य प्रमोद बंसल, वरिष्ठ भाजपा नेता मनीष बंसल, रोहतक के एडवोकेट नवीन गुप्ता, बड़ौत अग्रवाल समाज के अध्यक्ष विनोद गोयल, बड़ौत नगरपालिका परिषद के सभासद संजय गुप्ता, राजकिरण जिंदल ने शिरकत की। सभी अतिथियों ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को अपनाने और समाज की एकता मजबूत करने का आह्वान किया।राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। प्रमोद बंसल ने कहा कि समाज को एकजुट रहकर अपनी राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए ताकि सरकार और प्रशासन में समाज के हितों की अनदेखी न हो। उन्होंने कार्यक्रम में महिलाओं की अच्छी भागीदारी की सराहना की। भाजपा नेता मनीष बंसल ने कहा कि समाज के लोगों को एक-दूसरे की टांग खींचने के बजाय हाथ खींचकर आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने ‘एक रुपया-एक ईंट’ के सिद्धांत के माध्यम से सहयोग और समानता का संदेश दिया था। विनोद गोयल ने कहा कि आगे बढ़ने के लिए एक-दूसरे को पीछे खींचने के बजाय साथ लेकर चलने की जरूरत है। उन्होंने बेरी के लोगों को बड़ौत में होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होने का निमंत्रण देने की बात भी कही। सभासद संजय गुप्ता ने अपनी राजनीतिक यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि निरंतर प्रयास करने से सफलता अवश्य मिलती है। मंच संचालन करते हुए दिनेश कुमार ने समाज की एकजुटता के महत्व पर प्रकाश डाला।