नगर परिषद बहादुरगढ़ में प्रॉपर्टी आईडी बनाने को लेकर इनेलो नेता कपूर राठी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्रकार वार्ता में कपूर राठी ने आरोप लगाया कि नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी की चाची सास के नाम भी एक प्रॉपर्टी आईडी बनाई गई है। उनका दावा है कि पुरानी प्रॉपर्टी आईडी का सहारा लेकर अलग-अलग स्थानों पर नई प्रॉपर्टी आईडी तैयार की गई हैं। कपूर राठी के अनुसार पुरानी प्रॉपर्टी आईडी BGR/WB/1276 दोनों प्लॉट्स के लिए एक ही थी। बाद में दोनों प्लॉट्स की अलग-अलग नई प्रॉपर्टी आईडी बनाई गई। इनमें 142 गज के प्लॉट की नई आईडी 3BY75C56 और करीब 5 हजार गज के प्लॉट की नई आईडी 3BYQGG45 बताई गई है। उन्होंने कहा कि दोनों प्रॉपर्टीज के बीच करीब एक किलोमीटर की दूरी है, बावजूद इसके पुरानी आईडी को आधार बनाकर नई आईडी तैयार किए जाने का आरोप है। कपूर राठी ने इसे अवैध जमीन अथवा अवैध प्लाटिंग को वैध दिखाने का कथित खेल बताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि रिकॉर्ड में अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों और अन्य दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से प्रॉपर्टी आईडी से जुड़े पूरे रिकॉर्ड की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।