बहादुरगढ़ रोड स्थित शहीदी पार्क में आने वाले दिनों में काफी बदलाव देखने को मिलेगा। शहीदी पार्क में विकास के काम शुरू हो चुके हैं। इन विकास कार्यों पर नगर परिषद की तरफ से लगभग 2.70 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। यह पार्क शहीदों को समर्पित किया हुआ है। पिछले काफी समय से इसमें विकास के काम होने थे। पार्क के विकास के लिए 2.70 करोड़ रुपये बैठक में पारित भी किए गए। नगर परिषद ने इनके टेंडर लगाकर अब वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है और विकास के काम शुरू कर दिए हैं। इसमें बच्चों के लिए अलग-अलग प्रकार के झूले लगाए जाएंगे। इसी प्रकार से बड़ों के लिए जिम लगाई जाएगी, जहां सुबह-शाम आने वाले युवा, बुजुर्ग कसरत कर सकेंगे। यहां पर खराब हो चुकी घास को हटाकर नई घास लगाई जाएगी ताकि उस पर लोग घूम सके। इसी प्रकार से लोगों की सुविधा के लिए एक नया शौचालय भी बनाया जाएगा। साथ ही चौकीदार के लिए स्टोर रूम बनाया जाएगा ताकि पार्क की उचित देखभाल हो सके। इसी प्रकार से आधुनिक फव्वारें भी लगाए जाएंगे।