हिसार में तीन लाख रुपये की रंगदारी न देने पर दो सगे व्यापारी भाइयों पर जानलेवा हमला करने वाले बदमाशों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों का सिर मुंडवाकर उसी इलाके के बाजार में पैदल जुलूस निकाला, जहां उन्होंने खौफ फैलाने की कोशिश की थी। पुलिस मुख्य सड़क से करीब 200 मीटर अंदर तक लंगड़ाते हुए चल रहे इन बदमाशों को पैदल लेकर पहुंची। इस दौरान वारदात स्थल की निशानदेही कराई गई और तमाशबीनों की भारी भीड़ जमा हो गई। पकड़े गए आरोपियों में राहुल उर्फ गोल्डन, मोहित उर्फ रोज, काकू उर्फ मंगल, मोहित उर्फ भैया और आकाश (सभी निवासी हिसार) शामिल हैं। इनके पास से हमले में इस्तेमाल लाठी-डंडे और तेजधार हथियार भी जब्त कर लिए गए हैं।