नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए टोहाना की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों और एक महिला को 114.19 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद कोकीन की कीमत करीब 58 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू कुमार निवासी गांव खानक, जिला भिवानी, हाल मॉडल टाउन हिसार, रविंद्र शर्मा निवासी गांव नलवा, जिला हिसार और नीशा उर्फ नैना निवासी मोती नगर, नई दिल्ली, हाल हिसार के रूप में हुई है। एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर के दिशा-निर्देशन में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 11 सितंबर को सीआईए टोहाना प्रभारी उपनिरीक्षक अजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली कि तीनों आरोपी कार में कोकीन लेकर भूना रोड फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड पर ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर चालक ने कार भगाने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने कार को रोककर तीनों आरोपियों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान 114.19 ग्राम कोकीन बरामद हुई। इस संबंध में थाना शहर फतेहाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर कोकीन के स्रोत, सप्लायर और पूरे सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। आरोपियों को अदालत में पेश कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।