शहर के रतिया रोड स्थित जैन लॉजिस्टिक की दुकान में अज्ञात चोर घुसकर हजारों की नकदी व सामान चुराकर ले गए जिसके बाद शिकायत शहर पुलिस को दे दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चोरी की यह वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है। दुकान मालिक कृष्ण जैन ने बताया कि रोजाना की तरह वह अपनी दुकान को बंद करके गया था लेकिन सुबह आकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था। जब दुकान में लगे कैमरे देखे तो पाया कि सुबह करीब एक बजकर 54 मिनट पर एक चोर दुकान में घुसा जो हजारों रुपये की कीमत के नाइट सूट व दस हजार की नकदी चुराकर ले गया। चोर ने दुकान में रखे सामान की वीडियो भी बनाई है इसके अलावा करीबन एक घंटे तक चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले उनकी हार्डवेयर की दुकान थी। उसमें भी बड़ी चोरी हुई थी जिसके चलते उसने काम भी छोड़ दिया था। अब यह काम किया फिर चोरी की वारदात हो गई।