सरकार और सफाई कर्मचारियों के बीच शुक्रवार को मांगों को लेकर समझौता होने के बावजूद फतेहाबाद और रतिया में सफाई कर्मचारी शनिवार को काम पर नहीं लौटे। इससे शहरों में सफाई व्यवस्था बहाल होने की उम्मीदों को झटका लगा है। फतेहाबाद नगर परिषद में सफाई कर्मचारियों का धरना भी जारी रहा। कर्मचारी नेता रमेश तोशामड का कहना है कि सरकार के साथ कई मांगों को लेकर सहमति बनी है, लेकिन जब तक बर्खास्त और निलंबित किए गए कर्मचारियों को वापस ड्यूटी पर नहीं लिया जाता, तब तक कर्मचारी काम पर नहीं लौटेंगे। नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों का समाधान किए बिना हड़ताल समाप्त करने का सवाल ही नहीं उठता। शुक्रवार को सरकार और कर्मचारियों के बीच समझौते के बाद प्रशासन को उम्मीद थी कि शनिवार से शहर में सफाई व्यवस्था सामान्य हो जाएगी। इसके चलते सार्वजनिक स्थानों की सफाई शुरू होने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन कर्मचारी काम पर नहीं लौटे। फतेहाबाद में लंबे समय से जारी हड़ताल के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में कचरे के ढेर लगे हैं। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि बहाली का मुद्दा हल होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। अब प्रशासन के सामने समझौते को जमीन पर लागू कराने और सफाई व्यवस्था सुचारू करने की चुनौती है।