रतिया। बार एसोसिएशन रतिया के अध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को मतदान जारी है। अध्यक्ष पद के लिए महेश तनेजा और पवन रंगा के बीच सीधा मुकाबला है। बार एसोसिएशन के 310 अधिवक्ता मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। दोपहर तीन बजे तक 230 अधिवक्ता मतदान कर चुके थे। अन्य पदों पर सहमति बनने के कारण इस बार केवल अध्यक्ष पद के लिए ही चुनाव हो रहा है। ऐसे में पिछले चुनावों की तुलना में बार परिसर में चुनावी माहौल कम नजर आ रहा है। अधिवक्ता शांतिपूर्ण ढंग से मतदान प्रक्रिया में हिस्सा ले रहे हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी हरपाल ग्रोहा ने बताया कि मतदान सुबह नौ बजे शुरू हुआ था और शाम चार बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू कर दी जाएगी। मतगणना पूरी होने के बाद अध्यक्ष पद के चुनाव का परिणाम घोषित किया जाएगा। अन्य पदों पर पहले ही बन चुकी है सहमति नामांकन प्रक्रिया के दौरान सचिव पद पर राहुल मेहता, वित्त सचिव पद पर नवरात बाटू और संयुक्त सचिव पद पर प्रियंका सूद निर्विरोध चुने गए हैं। उपाध्यक्ष पद पर गगनदीप ग्रोवर के नाम पर सहमति बनी। इस पद के अन्य दावेदार संजय कुमार जैन ने अपनी दावेदारी वापस ले ली थी। महिला वर्ग के लिए आरक्षित उपप्रधान पद पर नेहा जसूजा और प्रवीण कौर ने नामांकन किया था। दोनों के बीच छह-छह माह के कार्यकाल को लेकर सहमति बनने के बाद चुनाव की स्थिति टल गई। वहीं, लाइब्रेरी सचिव पद पर कृष्ण कुमार मेहता निर्विरोध चुने गए हैं। इस पद की अन्य दावेदार कीर्ति ने भी अपनी दावेदारी वापस ले ली थी। अध्यक्ष पद पर नहीं बन सकी सहमति बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद को लेकर दोनों उम्मीदवारों के बीच सहमति नहीं बन सकी। इसी वजह से अध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया जा रहा है। अब अधिवक्ताओं के मतदान के बाद ही तय होगा कि बार एसोसिएशन की कमान महेश तनेजा के हाथों में जाएगी या पवन रंगा अध्यक्ष बनेंगे।