शहर में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और चोरी करने का मामला सामने आया है। वार्ड नंबर चार में सन्यास आश्रम रोड पर हनुमान मंदिर के पास खंभे पर लगी स्ट्रीट लाइट टूटकर नीचे लटक गई। इसके बाद बुधवार सुबह करीब चार बजे स्कूटी पर पहुंचे एक व्यक्ति ने लाइट का बल्ब उतारा और लेकर फरार हो गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, स्ट्रीट लाइट का खंभे से टूटकर नीचे लटकना और फिर बल्ब चोरी होना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से बल्ब ले जाने वाले व्यक्ति की गतिविधियां सामने आई हैं। कैमरा नहीं होता तो बल्ब कहां गया, इसका पता लगाना भी मुश्किल होता। पार्षद प्रतिनिधि मनोज नारंग ने बताया कि बुधवार सुबह करीब चार बजे यह घटना हुई। इसकी सूचना नगर परिषद के अधिकारियों को दे दी गई है।