फतेहाबाद। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा समिति की ओर से श्री दुर्गा मंदिर में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ भव्य समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण किया और भक्ति संगीत व संकीर्तन पर झूमते हुए प्रभु का गुणगान किया। इस अवसर पर श्री अद्वैत स्वरूप विचार आश्रम मंदिर से मुख्य संत विज्ञान प्रेमानंद जी महाराज ने विशेष रूप से शिरकत की। शहर के अनेक गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। कैमरी आश्रम, हिसार से पधारे कथा व्यास भागवत वाचस्पति श्री श्री 108 स्वामी राजदास जी महाराज ने श्रीमद्भागवत के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। स्वामी राजदास जी महाराज ने कहा कि सच्ची भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि मनुष्य के विचारों, व्यवहार और कर्मों में पवित्रता होना भी आवश्यक है। प्रभु के प्रति अटूट विश्वास और अच्छे आचरण से ही जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं को कथा में दिए गए संदेशों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कथा के समापन पर मंदिर परिसर भक्ति रस से सराबोर नजर आया। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भजनों में भाग लिया। आयोजन के अंत में समिति पदाधिकारियों ने कथा व्यास स्वामी राजदास जी महाराज को विशेष रूप से सम्मानित किया तथा सभी संतों, अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि शहरवासियों के भरपूर सहयोग और श्रद्धालुओं के उत्साह से धार्मिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर समिति के प्रधान भूप सिंह प्रणामी, उपप्रधान होशियार सिंह करणी, सचिव सुरेश वर्मा, कोषाध्यक्ष मांगेराम अग्रवाल, सदस्य गोकुलचंद राठी, जगदीश सरदाना, विनोद गोयल एवं प्रेस प्रवक्ता अनिल गोयल सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।