फतेहाबाद। दिवाली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न करवाने के लिए फतेहाबाद पुलिस ने जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर के दिशा-निर्देश में बाजारों, प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई है। पुलिस की टीमें दिन-रात गश्त कर रही हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मी सुरक्षा के साथ-साथ आमजन की सहायता और मार्गदर्शन में भी जुटे हैं। पुलिस का मानवीय चेहरा भी देखने को मिल रहा है। वहीं, असामाजिक तत्वों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।