फतेहाबाद। शहर के भूना रोड पर बनी ऑटो मार्केट की प्रधानगी को लेकर मंगलवार को नया विवाद सामने आ गया। बलविंद्र उर्फ बल्ली को प्रधान बनाए जाने की सूचना के बाद मार्केट के एक पक्ष के दुकानदारों ने इसका विरोध जताया। दुकानदारों का कहना है कि पुरानी कार्यकारिणी को भंग किए बिना ही नई प्रधानगी का फैसला कर लिया गया, जो संगठन की व्यवस्था के अनुरूप नहीं है। उन्होंने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए मामले को स्पष्ट करने की मांग की है। दुकानदारों का कहना है कि प्रधान हरपाल ढ़ाका की गैरमौजूदगी में कुछ लोगों ने बलविंद्र उर्फ बल्ली को प्रधान बना दिया है। ऑटो मार्केट के दुकानदारों ने मंगलवार को मार्केट में एक बैठक कर कहा कि मौजूदा प्रधान हरपाल ढाका के भाई का हाल ही में निधन हो गया था, जिसके चलते वे अपने घर पर शोक में हैं। उनकी अनुपस्थिति और गैर-मौजूदगी में इस तरह नया प्रधान चुन लेना पूरी तरह से गलत और असंवैधानिक है। दुकानदारों ने स्पष्ट किया है कि वे बलविंदर बल्ली को अपना प्रधान नहीं मानते और हरपाल ढाका ही उनके एकमात्र सर्वमान्य प्रधान हैं। ---- बिना सदस्यों की राय के बना दिया नया प्रधान दुकानदार संदीप ने पक्ष रखते हुए कहा बिना सभी दुकानदारों की सहमति के यह नया चुनाव घोषित किया गया है, जो हमें मंजूर नहीं है। ऑटो मार्किट यूनियन की बाबा विश्वकर्मा ऑटो मार्किट वेलफेयर सोसायटी के 21 सदस्यों की बैठक में नया प्रधान चुनने पर कोई फैसला नहीं हो जाता तब तक उनकी मार्केट के प्रधान हरपाल ढ़ाका रहेंगे। ऐसे में नई कार्यकारिणी या नए प्रधान की घोषणा किस आधार पर की गई, यह स्पष्ट नहीं है। दुकानदार महावीर सुथार ने इस दौरान कहा कि यह जो चुनाव का फैसला लिया गया है, वह ऑटो मार्किट के दुकानदारों को बिना विश्वास में लिए किया गया है। हमारे प्रधान हरपाल ढाका जी के भाई का देहांत हो जाने के कारण वे दुख की घड़ी में घर पर हैं। उनकी गैर-मौजूदगी में कुछ लोगों ने अपनी मर्जी से यह फैसला ले लिया, जिसका हम सभी दुकानदार मिलकर विरोध करते हैं। ऑटो मार्किट के अधिकतर व्यापारी हरपाल ढाका के साथ खड़े हैं और वे ही हमारे प्रधान हैं। मार्केट के सभी दुकानदारों की सहमति के बिना प्रधानगी का फैसला उचित नहीं है।