अखिल भारतीय किसान सभा और संयुक्त मोर्चा से जुड़े किसानों ने टोहाना के पक्का मोर्चे पर जोरदार प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। किसानों ने एसआईआर को रद्द करने और निष्पक्ष चुनाव आयोग के गठन की मांग की। प्रदर्शन के दौरान अखिल भारतीय किसान सभा के जिला उपप्रधान लाभ सिंह और किसान नेता जगतार सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि आज देशभर में जंतर-मंतर सहित अलग-अलग जिलों में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। लाभ सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि 2014 से देश में अराजकता का माहौल है और चुनाव आयोग ने भाजपा नेताओं से मिलकर एसआईआर के नाम पर करीब 13 करोड़ वोट काट दिए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी 34 लाख वोट कटने का दावा किया जा रहा है, जो लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उन पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। वहीं जगतार सिंह ने कहा कि यह लड़ाई वोट चोरी के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में एसएफआई और डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिया जा रहा है, जो तानाशाही है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि एसआईआर रद्द नहीं हुआ और चुनाव आयुक्त ने इस्तीफा नहीं दिया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। पक्का मोर्चे पर किसानों ने जमकर नारेबाजी भी की।