गांव भोड़ी में बारिश के चलते एक मकान की नींव धंसने से दीवारों में दरार आ चुकी है। पीड़ित परिवार ने सरकार व प्रशासन से मुआवजे की मांग की ताकि वे अपना गुजारा कर सके। मकान मालिक संदीप ने बताया बारिश के चलते उसके घर के पास पानी जमा हो गया था जिसके चलते पानी मकान की नींव में बैठने से दीवार में मोटी मोटी दरार आ चुकी है। उसने बताया कि मकान में शटरिंग के एंगल लगवाकर रोका हुआ है ताकि लेंटर नीचे न गिर जाए। संदीप ने बताया कि वह और उसका भाई बाहर काम करते हैं जबकि घर में उसकी पत्नी, मां और दो बच्चे रहते हैं। संदीप के अनुसार घर में रहने वाले सभी सदस्यों ने मकान खाली कर दिया है ताकि कोई हादसा न हो जाए।