पंचायत समिति भट्टूकलां की ओर से भट्टू क्षेत्र में लगभग 1.64 करोड़ के 24 विकास कार्य काफी माह से शुरू नहीं हो रहे है। इसे लेकर वीरवार को भट्टूकलां पंचायत समिति की चेयरपर्सन ज्योति लूणा, अपने दो पार्षदों के साथ अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए उपायुक्त डॉ. विवेक भारती को ज्ञापन सौंपने पहुंची। उनके पास उनके पति प्रवीन लुणा, वार्ड नंबर 10 से पार्षद महावीर, वार्ड नंबर 21 से पार्षद सतीश उनके साथ समर्थन देने के लिए पहुंचे थे। उनका आरोप है कि पंचायत समिति द्वारा पास किए जा चुके सभी कार्यों के बावजूद बीडीपीओ अनूप कुमार की ओर से वर्क ऑर्डर जारी नहीं किए जा रहे, जिसके कारण कोई भी विकास कार्य जमीन पर प्रारंभ नहीं हो पा रहा है। डीसी से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में चेयरपर्सन ज्योति लूणा ने कहा कि पंचायत समिति भट्टूकलां के सभी विकास कार्य जानबूझकर रोके हुए हैं। कई बार बीडीपीओ को अवगत कराया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। राजनीतिक रंजिश के चलते इन कार्यों पर रुकावटें डाली जा रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व विधायक दुड़ाराम के दबाव में कई कार्य अटके हुए हैं, जबकि सभी परियोजनाओं को पंचायत समिति की बैठक में विधिपूर्वक मंजूरी दे दी है। उन्होंने बताया कि ज्ञापन सौंपने के बाद डीसी डॉ. विवेक भारती ने बीडीपीओ को सभी लंबित कार्य जारी किए जाएं। डीसी ने आश्वासन दिया कि यदि किसी स्तर पर कोई फाइल लंबित है, तो विभागीय प्रक्रिया को तुरंत आगे बढ़ाया जाएगा। ज्योति लूणा ने कहा कि रविवार तक वर्क ऑर्डर जारी न हुए तो सोमवार से वह परिवार सहित आमरण अनशन पर बैठेंगी और भट्टूकलां बीडीपीओ कार्यालय की तालाबंदी की जाएगी। उन्होंने कहा कि अब धैर्य की सीमा समाप्त हो हो चुकी है है और विकास कार्यों में बाधा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।