शहर के राजीव कॉलोनी पार्क के पास स्थित गुरुनाम सिंह कॉलोनी में एक प्लॉट से पानी की मोटर समेत कई सामान चोरी हो गए है। शिकायतकर्ता हिमांशु ने पुलिस को दी शिकायत में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर सामान बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, तीन अक्तूबर को दोपहर करीब साढ़े दो बजे मकान के साथ पशुओं को बांधने वाले प्लॉट में रखी पानी की नई मोटर, पीतल की परात, पीतल की टोकनी, ट्रैक्टर के रोटावेटर का पीटीओ, ट्रैक्टर की टापलिंग और वाशिंग मोटर चोरी कर ली गई। शाम करीब पांच बजे जब परिवार के लोग प्लॉट में पशुओं को चारा डालने पहुंचे तो सामान गायब मिला। शिकायतकर्ता ने बताया कि प्लॉट में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो करीब सात-आठ महिलाएं सामान उठाकर ले जाती हुई दिखाई दीं। शिकायतकर्ता के अनुसार, फुटेज में दिख रही महिलाओं पर पहले भी इसी तरह प्लॉट में चोरी करने का शक है। उन्होंने बताया कि मामले का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है और अपने स्तर पर सामान की तलाश भी की जा चुकी है। फिलहाल पुलिस मामले में जांच में जुटी है।