इफको किसान सेवा केंद्र पर बुधवार को करीब ढाई हजार डीएपी खाद के बैगों का वितरण किया गया। खाद लेने के लिए केंद्र पर पहुंचे किसानों ने बताया कि गेहूं की बिजाई का समय नजदीक होने के कारण खाद की मांग बढ़ गई है, लेकिन पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि गेहूं की समय पर बिजाई करने के लिए डीएपी खाद की आवश्यकता होती है। खाद की कमी के चलते उन्हें अपनी फसल की बिजाई में देरी होने की चिंता सता रही है। किसानों ने कृषि विभाग से मांग की है कि इफको किसान सेवा केंद्र पर डीएपी खाद की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि सभी किसानों को समय पर खाद मिल सके और गेहूं की बिजाई प्रभावित न हो। किसानों ने विभाग से जल्द समस्या का समाधान करने की अपील की है।