हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की फतेहाबाद यूनिट ने एनएच-9 स्थित फतेहाबाद-सिरसा रोड पर गांव खैरातीखेड़ा के पास नाकेबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को 15.30 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। यूनिट प्रभारी एसआई तरसेम सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि हिसार जिले के गांव पीरांवाली निवासी गोबिंदा और जगदीश मोटरसाइकिल पर हेरोइन लेकर फतेहाबाद से सिरसा की ओर जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर टीम ने खैरातीखेड़ा में सत्यम ब्रिक्स सप्लाई केंद्र के सामने नाकेबंदी कर दी। करीब 15 मिनट बाद पुलिस को बताए हुलिए की मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। नाकेबंदी देखकर चालक मोटरसाइकिल को खालसा हिंदुस्तान पेट्रोलियम की ओर मोड़ने लगा। पुलिसकर्मियों ने दोनों को मोटरसाइकिल समेत काबू कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान गोबिंदा और जगदीश के रूप में बताई। तलाशी लेने पर जगदीश की जींस की दाहिनी जेब से पारदर्शी मोमी पाउच बरामद हुआ। तोल करने पर इसका वजन 15.30 ग्राम निकला। मामले में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।