मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को कहा कि आगामी 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शासन की ऐतिहासिक यात्रा के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने लगातार 25 वर्षों से राष्ट्र के प्रति असाधारण, अविराम और समर्पित सेवाओं के लिए प्रधानमंत्री को नमन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल सेवा, सुशासन, संकल्प और राष्ट्र निर्माण का प्रेरणादाई अध्याय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह 25 वर्षों की यात्रा किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि भारत के बढ़ते आत्मविश्वास की यात्रा है। उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक मंचों पर विश्व को दिशा देने वाला विश्व मित्र बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से पहले दुनिया भारत को फ्रैजाइल फाइव अर्थव्यवस्थाओं में गिनती थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की बाहरी और आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई है। भारत ने विकास के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करना भी सीखा है। गरीब कल्याण की सोच का परिणाम है कि लगभग 25 करोड़ देशवासी गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री ने युवा शक्ति को आशा, नवाचार, आत्मनिर्भरता और उद्यमिता से जोड़ा तथा वूमेन लेड डेवलपमेंट का मंत्र दिया। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ से शुरू हुई यात्रा 3 करोड़ लखपति दीदियों के रूप में महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता तक पहुंची है। कृषि क्षेत्र में भी ऐतिहासिक बदलाव हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा प्रधानमंत्री की कर्मभूमि है और उनका प्रदेश से विशेष लगाव है। पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हरियाणा को 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्राप्त हुई है। प्रधानमंत्री अपने कार्यकाल में हरियाणा 18 बार आए। हाइड्रोजन रेल से लेकर सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और लाड़ली सखी जैसी योजनाओं से हर हरियाणावासी लाभान्वित हुआ है। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर सेवा दिवस से होगा। इस दिन रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे और शाम को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम होगा। मुख्यमंत्री ने हरियाणा के प्रत्येक परिवार से आह्वान किया कि वे शाम 7 बजे अपने घर में आशीर्वाद का दीया अवश्य जलाएं। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सेवा चित्र विषय पर सभी विद्यालयों में चित्रकला तथा भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सेवा स्मरण कार्यक्रम के माध्यम से नुक्कड़ नाटक, संवाद और भावनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए प्रधानमंत्री की परिवर्तन यात्रा को गांव-गांव पहुंचाया जाएगा। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगन का मिलन कार्यक्रम आयोजित होंगे। कहानी बदलाव की अभियान के माध्यम से देश के 25 लाख नागरिकों की सच्ची परिवर्तन कथाएं आम लोगों के सामने लाई जाएंगी। विकसित भारत संकल्प यात्रा और सेवा ज्योति यात्रा जैसे कार्यक्रम भी होंगे। प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर से विशेष यात्राएं निकाली जाएंगी, जो 20 अलग-अलग मार्गों से लगभग 10 राज्यों से गुजरेंगी। सेवा सेतु अभियान के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। सेवा रंग कार्यक्रम, हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज जैसे आयोजन भी किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान का भव्य समापन 17 अक्टूबर को जनसेवक महाकुंभ (पंचायत से पार्लियामेंट) के रूप में होगा। उन्होंने हरियाणावासियों से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें।