हरियाणा में बिजली कर्मियों की हड़ताल से हाहाकार मच गया है। गुरुग्राम और नूंह में निजी कंपनी इलेवन पावर को बिजली आपूर्ति का लाइसेंस देने के विरोध में बिजली कर्मी तीन दिन की हड़ताल पर हैं। बुधवार रात दस बजे से शुरू हुई हड़ताल ने उद्योगों से लेकर अस्पतालों, स्कूलों, सरकारी कार्यालयों और आम जनजीवन तक को प्रभावित किया। इस बीच हड़ताल पर गए बिजली कर्मचारियों से बिजली मंत्री अनिल विज ने काम पर लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी हड़ताल खत्म कर ड्यूटी पर आएं। सरकार सभी विकल्पों पर बातचीत करने के लिए तैयार है। इसमें बिजली अधिनियम, 2003 की धारा 108 के तहत कार्रवाई करना भी शामिल है। विज के बयान से साफ है कि सरकार हड़ताल खत्म कराने के लिए बातचीत के साथ कानूनी और प्रशासनिक विकल्पों पर भी विचार कर रही है। हालांकि, उन्होंने धारा 108 के तहत किस तरह की कार्रवाई की जाएगी, इसका विस्तृत ब्योरा नहीं दिया है। हड़ताली बिजली कर्मचारियों के साथ आज दोपहर तीन बजे बातचीत होगी। बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के प्रवक्ता रविंद्र घनघस के अनुसार, सरकार ने मोर्चा के प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए चंडीगढ़ बुलाया है।शुक्रवार को होने वाली बैठक में कर्मचारियों की मांगों और हड़ताल खत्म कराने पर चर्चा होगी। बैठक में निकलने वाले समाधान पर सबकी नजर रहेगी।वहीं रोडवेज कर्मचारी भी बिजली कर्मियों की हड़ताल के समर्थन में आ गए हैं।