मोगा में अपनी मांगों को लेकर केकेएम चैप्टर पंजाब से जुड़ी आठ अलग-अलग किसान जत्थेबंदियों ने गांव महेश्वरी संधूया में रेलवे ट्रैक पर धरना लगाकर पंजाब सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। किसानों को रेलवे ट्रैक तक पहुंचने से रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने किसानों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन किसान पुलिस की बैरिकेडिंग को पार कर रेलवे ट्रैक तक पहुंचने में सफल रहे और वहां धरना शुरू कर दिया। इस दौरान रेलवे स्टेशन के बाहर किसानों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। किसानों ने अपनी मांगों को लेकर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। किसान नेता बलदेव सिंह जीरा ने बताया कि किसान अपने मांगों को लेकर लगातार डीसी दफ्तर और पंजाब सरकार के मंत्रियों के घर के बाहर धरना दे रहे थे पर फिर भी सरकार नहीं जागी। आज मजबूर होकर हमें रेलवे ट्रैक जाम करना पड़ा। उन्होंने बताया कि आज पुलिस ने भी रोकने की कोशिश किया पर पुलिस हमें नहीं रोक पाई। अमृतसर, गुरदासपुर, फिरोजपुर, मोगा, संगरूर और सुनाम सहित छह स्थानों पर रेल यातायात रोका गया है। पंजाब सरकार के मंत्रियों के घरों के बाहर चल रहे धरने भी जारी रहेंगे।