धर्मनगरी भिवानी के प्रसिद्ध करोड़ीमल पार्क में आगामी 11 से 20 अक्तूबर तक संपूर्ण रामलीला का भव्य आयोजन होने जा रहा है। प्रतिदिन शाम 7 बजे से शुरू होने वाले इस धार्मिक व सांस्कृतिक मंचन को लेकर शहरवासियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बार की रामलीला की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मंझे हुए कलाकारों द्वारा भगवान श्री राम के जीवन चरित का सजीव व भव्य मंचन प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा, दशहरा महोत्सव के दिन 100-100 फीट ऊंचे रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के विशालकाय पुतलों का दहन किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। कार्यक्रम में भव्यता जोड़ने के लिए बाहर से आए विशेष कलाकारों द्वारा 'कोल्ड आतिशबाजी' का मनमोहक प्रदर्शन भी प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि दर्शकों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने अनुरोध किया है कि दर्शक कुर्सी (सीट) के लिए अपना पास साथ अवश्य लाएं। स्थल पर 'पहले आएं – पहले पाएं' और 'हम दो – हमारे दो' के नियम के तहत प्रवेश व व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। आयोजकों ने सभी शहरवासियों से इस भव्य आयोजन में पहुंचकर धर्म लाभ उठाने की अपील की है।